विद्युत विभाग के जेई संघ ने भाजपा जिलाध्यक्ष पूर्णेंद्र सोलंकी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर एसई एवं एक्सईएन को शिकायती पत्र सौंपकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। एक्सईएन ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को मामले की जानकारी देते हुए पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
विद्युत विभाग के अभियंताओं और कर्मियों में भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा टेलीफोन पर बातचीत में धमकी देने, गाली गलौज करने के मामले को लेकर आक्रोश है। जिले के सभी अभियंता इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ एकजुट हैं। जेई संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र सारस्वत, सचिव वीर बहादुर सिंह, मंडल अध्यक्ष योगेश सक्सेना, मंडल सचिव अब्दुल्ला खां ने इस मामले में एसई हरिमोहन शर्मा से मिलकर मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग उठाई। एसई ने एक्सईएन को इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किए। एसई से मुलाकात के बाद जेई संघ के लोग एक्सईएन सत्यदेव सिंह के कार्यालय पहुंचे। जहां मांगपत्र सौंपकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई। उन्होंने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को जिलाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए पत्र प्रेषित किया है। इस दौरान जिले के अभियंताओं में प्रशांत वार्ष्णे, अनिल सागर, पवन कसौदन, जय गोविंद, राजीव रंजन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।