मथुरा। जिले में इस बार आगामी एक अप्रैल से 15 जून तक गेहूं की खरीद होगी। इसके लिए जिले में 86 क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं। गेहूं क्रय नीति के तहत इस बार किसान को 1735 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से उनके खाते में किया जाएगा।
गेहूं की उतराई, छनाई व सफाई को 10 रुपये प्रति क्विंटल व्यय किसान को आरटीजीएस के माध्यम से उसके बैंक एकाउंट में जारी होगा। क्रय केंद्र पर इसका भुगतान किसान को ही कराना है। इसकी व्यवस्थाओं के संदर्भ में एडीएम वित्त रवींद्र कुमार ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने केंद्र पर सभी आवश्यक अभिलेख एवं दो इलेक्ट्रानिक कांटा, एक नमी मापक यंत्र तथा छलना के साथ बोरा व आवश्यक धनराशि की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। क्रय केंद्र खुलने का समय प्रात: नौ से सांय छह बजे तक रहेगा।
किसानों को कोई भी असुविधा न हो। शासन की मंशा के अनुसार क्रय केंद्र प्रभारी गेहूं का क्रय करना सुनिश्चित करें। बैठक में सभी एसडीएम, जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजेश्वर प्रताप सिंह सहित संबंधित अफसर भी मौजूद रहे।