पटियाली के नौगवां और चहका गांव में ग्रामीणों और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के मामले को लेकर पुलिस बेहद सतर्क है। नौगवां और चहका गांव में लोगों के बीच दहशत भी है। उन्हें आशंका है कि कहीं मुठभेड़ के दौरान मारे गए राजकुमार के पक्ष के लोग आक्रोशित न हो जाएं जिससे फिर संघर्ष के हालात पैदा हों। ऐसी स्थिति को भांपते हुए दोनों ही गांव में पुलिस और पीएसी की तैनाती कर दी गई है।
गौरतलब है कि मृतक शातिर राजकुमार नौगवां का रहने वाला है और इसी गांव में पूर्व प्रधान सत्यपाल का परिवार भी रहता है। चहका गांव भी नौगवां ग्राम पंचायत का मजरा है। जिसके चलते दोनों ही गांव के लोगों का एक दूसरे से मेल मिलाप है। मुठभेड़ के इस मामले को लोग पुरानी रंजिश के मामले से भी जोड़कर देख रहे हैं। कोई प्रधानी की रंजिश की चर्चा कर रहा है तो कोई इसे वर्चस्व की लड़ाई बताता है। ज्यादातर ग्रामीण पूर्व प्रधान सत्यपाल के पक्ष की बात करते हैं क्यों कि शातिर राजकुमार अक्सर लोगों को डराता, धमकाता और तंग करता था। पुलिस की नजर भी इस पूरे घटनाक्रम पर लगी हुई है। पुलिस ने कोई तनाव की स्थिति पैदा न हो इसे देखते हुए दोनों ही गांव में पुलिस और पीएसी की तैनाती कर दी है। पुलिस अधीक्षक पीयूष कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि सतर्कता की दृष्टि से पुलिस की तैनाती कर दी गई है जिससे किसी भी तरह के संघर्ष की स्थिति पैदा न हो। उन्होंने बताया कि पुलिस क्षेत्राधिकारी को भी क्षेत्र में स्वयं भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं।
मां बोली उसके बेटे को घेरकर मार डाला
पटियाली। मुठभेड़ में मारे गए शातिर राजकुमार की मां कमला देवी ने बताया कि उसके बेटे राजकुमार को बिना मतलब के रंजिश मानते हुए घेरकर मार डाला है। उसने कोई ऐसा काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की पूरी निष्पक्ष होकर जांच पड़ताल करे। वहीं राजकुमार की बहन रिंकी ने बताया कि राजकुमार उसकी शादी करने की तैयारियों में जुटा। राजकुमार ने रविवार की सुबह उससे फोन पर बात की थी। बहन ने भी राजकुमार को मार देेने पर आक्रोश जताया।