फिरोजाबाद। मेडिकल स्टोर से गलत दवा देने की शिकायत पर ड्रग इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने जनकल्याणम औषधि क़ेंद्र का निरीक्षण किया। कार्रवाई करीब चार घंटे तक चली। इसके चलते दूसरे दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलीं। औषधि केंद्र संचालक को नोटिस दिया जा रहा है।
तीन फरवरी को जनकल्याण औषधि केंद्र से चिकित्सक के पर्चे पर ज्यादा डोज का इंजेक्शन दे दिया था। परिजनों ने मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की। जांच करने पहुंचे सुनील कुमार ने रिकार्ड रजिस्टर देखे। संज्ञान में आया कि चिकित्सक ने 100 एमजी का इंजेक्शन लिखा था। ड्रग इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि इंजेक्शन एक फरवरी को खत्म हो चुका था। 500 एमजी का इंजेक्शन स्टाक में था।
गलत दवा देने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ड्रग इंस्पेक्टर ने अन्य अभिलेख देखे तो कैशमीमो में कमियां पाई गईं। एक्सपायरी दवा रखने का अलग स्थान नहीं था। ड्रग इंस्पेक्टर जितनी देर बैठे उतनी देर फार्मासिस्ट मौके पर नहीं मिले। ड्रग इंस्पेक्टर ने फार्मासिस्ट के बारे में पूछा तो बताया गया कि वो छुट्टी पर गए हैं। ड्रग इंस्पेक्टर ने औषधि केंद्र से सीरप, इंजेक्शन का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है। ड्रग इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि कमियां मिलने पर औषधि केंद्र संचालक को नोटिस दिया जा रहा है।