फिरोजाबाद। सदर तहसील में बुधवार को दूसरे दिन भी राजस्व संग्रह अमीनों का कार्य बहिष्कार जारी रहा। संग्रह अमीनों ने लंबित मांगें पूर्ण न करने पर प्रदेश सरकार को जमकर कोसा।
उप्र. राजस्व संग्रह अमीन संघ अध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा के नेतृत्व में संग्रह अमीनों ने सदर तहसील में दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार जारी रखा। संग्रह अमीन लालता प्रसाद ने कहा कि पिछले साल से हमारी 11 सूत्रीय मांगें लंबित चल रही है।
गत वर्ष भी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन किया गया। शासन-प्रशासन को नोटिस दिया। प्रदेश व्यापी आंदोलन के बाद प्रमुख सचिव राजस्व स्तर पर संपन्न हुई बैठक में सहमति बनी हुई, परंतु उन पर भी आजतक क्रियान्वयन नहीं हो सका। इसके उपरांत कई बार ध्यानाकर्षण कराने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने संवर्ग के सदस्यों में शासन के प्रति खासा आक्रोश है।
संग्रह अमीन अखिलेश कुमार ने कहा कि राजस्व विभाग में कार्यरत संग्रह अमीन दिन रात कठिन परिश्रम कर नगद रूप से शासकीय कोषागार में धनराशि जमा करते हैं। प्रदेश सरकार को हमारी लंबित मांगों को जल्द पूर्ण करने पर विचार करना चाहिए। ग्याप्रसाद, प्रवीन कुमार, संतोष कुमार, रामेंद्र प्रसाद, जितेंद्र कुमार भोलेशंकर, सतीशचंद्र, नेत्रपाल सिंह, विनोद कुमार शर्मा, नत्थीलाल मौजूद थे।