फिरोजाबाद/जसराना। थाना जसराना क्षेत्र के एक गांव में खेत पर जा रही महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गैंगरेप की वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
थाना जसराना के एक गांव निवासी महिला गुरुवार को सुबह अपने खेतों में लहसुन की नराई करने जा रही थी। रास्ते में गांव के ही मुन्नालाल पुत्र श्रीपति और महेश चंद्र पुत्र कोमल सिंह एवं दो अन्य लोग मिले। दो अन्य लोगों ने मुंह पर कपड़ा बंध रखा था।
आरोप है कि मुन्नालाल और महेश ने महिला को जबरन पकड़ लिया और विरोध करने पर मारपीट की। दोनों महिला से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद किसी तरह महिला घर पहुंची तो उसकी हालत देख परिजन दंग रह गए। महिला ने परिजनों को आप बीती बताई तो परिवारीजनों के होश उड़ गए।
इसके बाद महिला को साथ लेकर उसका पति थाने आया और पुलिस को वारदात बताई। दुष्कर्म मामले में चार लोगों के शामिल होने की घटना से पुलिस महकमा सन्न रह गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर महिला को मेडिकल जांच के लिए भेजा है।