फिरोजाबाद। नगर निगम के सफाई वाहन जो सड़कों से कूड़ा उठाने का कार्य करते हैं। अब यही सफाई वाहन गुजरात की तरह जनता को स्वच्छता का संदेश भी देंगे। सफाई वाहनों में जल्द ही साउंड सिस्टम लगवाए जाएंगे, जिसमें स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर एक बनाने की धुन बजेगी।
गत वर्ष हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में फिरोजाबाद नगर निगम 375वीं रैंक के साथ काफी पिछड़ गया था। वर्ष 2018 में शुरू होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर निगम प्रशासन काफी गंभीर नजर आ है। सीएम योगी सभी निकायों में 31 दिसंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम के आदेश पर महापौर सुबह से वार्डों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए खुद दौड़ रही हैं। इसके लिए नए प्रयोग भी करने पर विचार विमर्श किया जा रहा है।
महापौर नूतन राठौर ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान जब वह गुजरात गईं तो सफाई वाहनों में स्वच्छता संदेश की धुन बज रही थी। इसी प्रकार यहां भी वाहनों में साउंड सिस्टम लगवाए जाएंगे। साउंड सिस्टम के जरिए जनता को स्वच्छ सर्वेक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लगे सभी वाहनों में साउंड सिस्टम लगवाने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम में तैनात अफसरों, स्वास्थ्य विभाग में तैनात स्वच्छता निरीक्षक, सुपरवाइजर के साथ विभागीय कर्मचारियों को सीयूजी नंबर जारी किए गए हैं। अब सीयूजी नंबरों पर भी स्वच्छता सर्वेक्षण की कॉलर ट्यून लगवाने के लिए महापौर ने निर्देश दिए हैं। अफसरों व कर्मचारियों को जब भी कोई फोन करेगा, तो रिंगटोन की जगह स्वच्छता सर्वेक्षण की कॉलर ट्यून सुनाई जाएगी।