फिरोजाबाद/टूंडला। मंगलवार को इलाहाबाद से आए अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) इनाम-उल-हक ने स्थानीय रेल अधिकारियों के साथ मुख्य नियंत्रण कक्ष में संवाद किया। एडीआरएम ने रेल अधिकारियों को नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए।
एडीआरएम हक ने डीटीएम टूंडला, सिग्नल विभाग के अधिकारियों, इंजीनियरों एवं अन्य अधिकारियों के साथ मुख्य नियंत्रण कक्ष में दोपहर तीन बजे बैठक की। बैठक में उन्होंने सबसे पहले अधिकारियों को कार्य क्षेत्र में आने वाली परेशानियों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि रेल हादसे अक्सर तकनीकी खराबी अथवा चूक से होते हैं। इसलिए कार्यक्षेत्र में लापरवाही न होने दें। उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा हमारा कर्तव्य है और इसके लिए सभी को सजग रहना होगा।
रेल हादसों को रोकने के लिए हमें नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान केबिन पर सिर्फ लीवर के रखरखाव को नहीं, बल्कि सिगनल प्रणाली, रेल ट्रैक के प्वाइंटों एवं उनके इन्फ्रास्ट्रक्चर का ध्यान रखना होगा। ताकि रेल हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से सवाल-जबाव किए।