कोसीकलां (मथुरा)। बच्चों को बीमारियों से बचाने को चलाए जा रहे मिशन इंद्रधनुष के चक्र को नगर के 158 मुस्लिम परिवार विफल कर रहे हैं। यह लोग अपने बच्चों का टीकाकरण नहीं करा रहे हैं। एसडीएम डा. राजेंद्र पेंसिया ने नगर पालिका को पुलिस और लेखपाल की टीम लेकर मिशन को सफल बनाने के लिए दिशा निर्देश दिए हैं।
भीषण बीमारियों से बचाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से मिशन इंद्रधनुष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें चिकित्सा विभाग घर-घर पहुंचकर बच्चों का टीकाकरण करा रहा है। नगर के मोहल्ला निकासा, दिल्ली गेट, करीमुल्ला बास, लालाराम मार्ग बस्ती में रहने वाले 158 मुस्लिम परिवार टीकाकरण नहीं करा रहे हैं। वे लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। विभाग की इस रिपोर्ट को एसडीएम डा. राजेंद्र पेंसिया ने गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका को इसमें सहयोग के लिए निर्देशित किया है। कहा कि वे अपने कर्मचारी, पुलिस और लेखपालों को लेकर टीकाकरण का सुरक्षाचक्र तोड़ने वाले इलाके में पहुंचे और टीकाकरण को सफल बनाएं।
घरों में घुसने नहीं दी टीम
मिशन इंद्रधनुष के चक्र को पूरा करने में जुटी स्वास्थ्य विभाग की टीम गत दिवस घंटाघर पर कबाडे़ वाली गली में पहुंची तो वहां अल्पसंख्यक महिलाओं ने उनसे टीम के लिए मना कर दिया। गली में जब कई लोगों को समझाया तो सलाम, पप्पू ने टीम का साथ दिया और कई घरों में ले जाकर टीका लगवाए।