फिरोजाबाद। शहर गांधी पार्क में 12 दिसंबर को नगर की प्रथम महापौर नूतन राठौर और पार्षदों को शपथ ग्रहण कराई जाएगी। शासन से आदेश जारी होते ही नगर निगम प्रशासन ने शपथ ग्रहण की तैयारियों को तेज कर दिया है।
नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। एक दिसंबर को जनपद में नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायतों के परिणाम भी घोषित हो चुके हैं। शासन स्तर पर शपथ ग्रहण का कार्यक्रम जारी हो चुका है। महापौर को डीएम व नवनिर्वाचित पार्षदाें को महापौर द्वारा शपथ ग्रहण कराई जाएगी। वहीं नगर पालिका व नगर पंचायतों में अध्यक्ष व सभासदों को एसडीएम शपथ दिलाएंगे।
शपथ समारोह के लिए नगर निगम प्रशासन तैयारियों जुटा हुआ है। शनिवार को अवकाश के बावजूद नगर निगम कार्यालय खुला रहा। अपर आयुक्त प्रमोद कुमार, सहायक अभियंता रमाशंकर राम सहित समस्त स्वच्छता निरीक्षक कार्यक्रम की तैयारियों में व्यस्त रहे।
गांधीपार्क में 12 दिसंबर को महापौर व पार्षदों के शपथ ग्रहण के लिए फार्मेट तैयार कराया जा रहा है। अपर आयुक्त ने शासन द्वारा निर्धारित भाषा के अनुरूप फार्मेट तैयार कराया। नगर आयुक्त की मुहर लगने के बाद ही प्रारूप को अंतिम रूप दिया जाएगा।