फिरोजाबाद। थाना उत्तर के मोहल्ला खेड़ा में मंदिर में स्थापित दुर्गा प्रतिमा खंडित होने का मामला बुधवार को उस समय तूल पकड़ लिए जब आरोपी युवक ने खंडित प्रतिमा की जगह दूसरी प्रतिमा स्थापित नहीं कराई। प्रतिमा बदलवाने में आनाकानी करने पर मोहल्ले के लोगों ने युवक को मारपीट कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में युवक के परिजनों ने मोहल्लेवासियों और पुलिस को दूसरी प्रतिमा लगवाने का आश्वासन दिया।
घटना गत एक दिसंबर की है। थाना उत्तर के मोहल्ला खेड़ा में स्थित एक चबूतरे पर दुर्गा एवं शिव आदि की प्रतिमाएं स्थापित हैं। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि चबूतरे पर शाम के समय शराबी किस्म के युवक आकर बैठ जाते हैं। एक दिसंबर को मोहल्ले के युवक ललईया उर्फ पप्पू का मोहल्ले के ही एक अन्य युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान ललईया ने दूसरे युवक को ईंटें फेंकनी शुरू कर दी। ईंटें युवक न लगकर चबूतरे पर रखी प्रतिमाओं में जाकर लगीं।
इससे वहां रखी मां दुर्गा व अन्य प्रतिमाएं खंडित हो गईं। इससे मोहल्ले में तनाव फैल गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे आरोपी युवक के परिजनों ने दूसरी प्रतिमाएं स्थापित कराने का आश्वासन देकर मामले को रफा-दफा कर दिया लेकिन कई दिन तक जब प्रतिमाएं नहीं बदलीं तो बुधवार को मोहल्ले के कई लोग एकत्रित होकर आरोपी युवक पकड़कर मारपीट की।
सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में आरोपी युवक के परिजनों ने क्षेत्रीय लोगों को जल्द नई प्रतिमाएं स्थापित कराने का आश्वासन दिया तब जाकर लोग माने। समझौता होने पर थाना पुलिस ने आरोपी युवक को रिहा कर दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी लोकेश भाटी ने कहा कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।