पटियाली। ग्राम नगला हीरा में दोपहर बाद आग से चार झोंपड़ियां जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने ग्रामीणों के साथ दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए।
गांव निवासी रमेश पुत्र अजुद्दीन के घर पर पड़े छप्पर में शुक्रवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ओमवीर, रामू और गौरव के झोंपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। इधर, सूचना पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ी और कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाया। ग्रामीणों दमकल कर्मियों के देर से पहुंचने पर आक्रोश था। आग बुझने आग की घटना में रमेश के घर रखी 60 हजार रुपये के साथ गल्ला, चारपाई, कपड़े आदि जल गए।
आग की सूचना पर एसडीएम जैनेंद्र कुमार और लेखपाल जगदीश प्रसाद सहित अन्य राजस्व कर्मियों ने अग्निपीड़ितों की मदद की और क्षति का आकलन किया। एसडीएम ने बताया कि रिपोर्ट के हिसाब से नियमानुसार अग्निपीड़ितों को मदद दिलाई जाएगी।