आगरा। आपूर्ति विभाग फर्जी राशन कार्ड पकड़ने के बाद अब यूनिटों (कार्ड में दर्ज सदस्य) का सत्यापन कराने जा रहा है। जांच के दायरे में ऐसे कार्ड हैं, जिनमें सात या इससे अधिक यूनिट दर्ज हैं। सत्यापन में फर्जी मिलने पर इनका नाम सूची से हटाया जाएगा।
शहर और देहात के कार्ड की जांच के लिए अलग से टीम बनाई गई हैं। हाल ही में जिले में लगभग 80 हजार फर्जी राशन कार्ड मिले थे। अब जिले में 6.90 लाख राशन कार्ड हैं। इसमें से सात या फिर इससे अधिक यूनिटों वाले 86679 कार्डधारक हैं। ये कार्डधारक कहीं फर्जी सदस्यों के नाम से राशन तो प्राप्त नहीं कर रहे हैं।
इसका भौतिक सत्यापन कराकर पता लगाया जाएगा। शहर-देहात के लिए अलग-अलग दल बनाए गए हैं। दल मौके पर जाकर सदस्यों के आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र के अलावा पड़ोसियों से जानकारी प्राप्त कर रिपोर्ट बनाएगा। डीएसओ बीके शुक्ला ने बताया कि कार्ड में दर्ज सदस्यों का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। फर्जी सदस्यों को सूची से हटाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।