एटा। आईटीआई में छात्रों से प्रयोगात्मक परीक्षा के नाम पर वसूली की जा रही है। संस्थान के एक शिक्षक का छात्रों से वसूली करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें शिक्षक छात्र से रुपये लेते हुए दिखाई दे रहा है। वहीं छात्रों ने भी परीक्षा के नाम पर पैसे वसूलने का आरोप लगाया है।
सोमवार दोपहर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के आधा दर्जन से अधिक छात्र अमर उजाला टीम से मिले। छात्रों ने बताया कि आईटीआई में छात्रों का शोषण किया जा रहा है। पहले और दूसरे सेमेस्टर के बाद प्रयोगात्मक परीक्षा के नाम पर 6 हजार रुपये वसूले जा रहे हैं।
छात्रों ने बताया कि जब हमने प्रधानाचार्य को शिकायत करने की बात कही तो शिक्षक ने साफ कहा कि इसमें सभी की हिस्सेदारी होती है। जिससे भी शिकायत करनी है, कर दो। यह कहते हुए छात्रों को को कक्षा से बाहर कर दिया है। वीडियो वायरल होने के बाद आईटीआई में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं संस्थान के जिम्मेदार अधिकारी मामले से पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं। मामले को लेकर जब अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया, तो किसी से संपर्क नहीं हो सका।
पहले भी सामने आई हैं शिकायतें
आईटीआई में परीक्षाओं के नाम पर वसूली का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले हुई परीक्षा में भी आईटीआई अधिकारियों पर छात्रों से परीक्षा के नाम पर वसूली की शिकायतें सामने आई थीं। दरअसल, आईटीआई मेें सक्रिय कॉकस छात्रों का शोषण करता है।
वर्जन
परीक्षा के नाम पर वसूली करना दंडनीय है। टीम बनाकर मामले की जांच कराएंगे। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
अमित किशोर, डीएम एटा