हादसे में मौत पर बिलखते परिवारीजन
- फोटो : अमर उजाला
बिछवां/दन्नाहार (मैनपुरी)। सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे दन्नाहार, बिछवां और किशनी थाना क्षेत्र में हुए। वहीं दस लोग घायल हुए हैं। बिछवां में गुस्साई भीड़ ने हंगामा करते हुए एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव औरंध निवासी रामकिशन भदौरिया (43) जयपुर में नौकरी करते हैं। वह पत्नी रीना (38), पुत्र शिवांग (08), पुत्री प्रज्ञा (12) और प्राची (10) के साथ छुट्टियां बिताने गांव आए थे। शनिवार को वह टेंपो से भाई ओमप्रकाश, भतीजे हर्ष और गांव निवासी टेंपो चालक प्रबल चौहान के साथ जयपुर जाने के लिए मैनपुरी बस स्टैंड आ रहे थे। गांव से बाहर ही 102 एंबुलेंस की टक्कर लगने से टेंपो सड़क किनारे खड्ड में जा गिरा। लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने शिवांग को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे के बाद चालक एंबुलेंस छोड़कर भाग गया। इससे गुस्साए लोगोें ने एंबुलेंस पर पथराव कर शीशे आदि तोड़ दिए। मौके पर पहुंची पीआरवी व थाना पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
दूसरा हादसा थाना दन्नाहार क्षेत्र में हुआ। थाना बिछवां क्षेत्र के गांव दूल्हापुर खिरिया निवासी पीआरडी जवान गोरेलाल (40) सोमवार को थाना भोगांव क्षेत्र के गांव सुलखनपुर एक मित्र के यहां गया था। वहां से उसे साथ लेकर बाइक से थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव लालपुर सगौनी जा रहा था। तभी गांगसी नहर पुल के समीप मोड़ पर पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गोरेलाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया वहीं चालक की तलाश कर रही है।
जिला कन्नौज के गुरसहायगंज निवासी सत्य प्रकाश तिवारी रविवार की रात ससुराल इटावा में एक शादी में शामिल होने जा रहे थे। कार को सत्य प्रकाश खुद ही चला रहे थे। कार में उनके साथ पत्नी सुशीला तथा पुत्री प्रियंका भी जा रही थी। जब वह किशनी क्षेत्र में रामनगर के पास रात आठ बजे पहुंचे तभी खेत से सड़क पर आई नीलगाय से कार टकरा गई। घायलों को कन्नौज जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां सोमवार की दोपहर प्रियंका की मौत हो गई। जबकि दंपति की हालत गंभीर बनी हुई है।