आगरा। अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आगरा विकास प्राधिकरण की टीम ने यमुना नदी के डूब क्षेत्र में हुए एक निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यहां नियमों को ताक पर रखकर करीब 100 मीटर लंबी और करीब 20 फुट ऊंची दीवार का निर्माण कर लिया गया था।
गौरतलब है कि यमुना नदी के डूब क्षेत्र में हुए निर्माणों के खिलाफ नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में याचिका दायर की गई थी। इस पर सुनवाई करते हुए एनजीटी ने डूब क्षेत्र निर्धारित करते हुए यहां हुए निर्माणों को ध्वस्त करने आदेश दिए थे। यमुनापार के फाउंड्री नगर इलाके में जगदंबा डिग्री कालेज के पास संजय गुप्ता ने करीब 100 मीटर की दीवार खड़ी कर दी थी। इसके बाद निर्माण कराया जा रहा था।
प्राधिकरण ने उसे पहले रुकवा दिया था। गुरुवार को एसीएम द्वितीय, एडीए के अधिशासी अभियंता राजीव दीक्षित, सहायक अभियंता सुधाकर शर्मा, अवर अभियंता महेश कुमार, सतेंद्र सोलंकी, अजय राठौर आदि की टीम ने जेसीबी ले जाकर दीवार को भी ध्वस्त कर दिया है।