आगरा। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्राम प्रधानों को गांव के विकास की धुरी बताते हुए सरकारी योजनाओं में न केवल उनका सहयोग मांगा बल्कि स्वच्छ भारत मिशन और हरित आगरा अभियान में भागीदारी के लिए शपथ भी दिलाई।
प्रभारी जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि विकास कार्य में प्रधान किसी दलगत भावना से नहीं बल्कि दिल से कार्य कराएं। घर-घर पौधे लगाकर प्रधान भावी पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य दे सकते हैं।
सूरसदन में गुुरुवार को आयोजित ग्राम प्रधानों की कार्यशाला में जनपद के 300 से अधिक प्रधान और प्रधान पतियों ने प्रतिभाग किया। प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि जुलाई के प्रथम सप्ताह से हरित आगरा योजना की शुरुआत की जाएगी। इसमें प्रत्येक परिवार को दो पौधे लगाकर उनका पालन पोषण करने की जिम्मेदारी भी ली जाएगी।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र व्यक्तियों को पक्के मकान की सुविधा मिलेगी। लाभार्थियों के चयन में ईमानदारी से सहयोग करें। इन्होंने मनरेगा की मजदूरी, स्वच्छ भारत मिशन में शौचालय निर्माण के कार्यों में सहयोग को बढ़ाने को कहा। जिले में एक हजार तालाबों की खोदाई कार्य को मनरेगा के तहत कराया जाएगा, जिसका भुगतान 15 दिन में होगा।
वर्षा जल के संचयन के लिए उपाय करने और हैंडपंप रिबोर, टीटीएसपी की मरम्मत की बात कही। अधिकारियों ने कहा कि प्रधान अपने गांवों में पेयजल, शौैचालय, स्कूलों में कार्य आदि के लिए योजना तैयार करके दें। इस मौके पर परियोजना निदेशक एके वाजपेयी, योगेंद्र कुमार पाठक, बीसी त्रिपाठी, मनरेगा उपायुक्त भूपेंद्र कुमार, जगदीशराम गौतम, भारत भूषण, जिला पूर्ति अधिकारी बीके शुक्ला आदि मौजूद रहे।