मैनपुरी। जिले में बड़ी संख्या में अवैध रूप से क्लीनिक ओर अस्पतालों का संचालन हो रहा है। सीएमओ डाॅ. आरसी गुप्ता ने संबंधित अस्पतालों को चिन्हित कर अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने नोडल अधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि जिले में बिना पंजीकरण के एक भी क्लीनिक संचालित न हो सके।
सीएमओ ने बताया कि लगातार जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बिना पंजीकरण के क्लीनिक और अस्पताल संचालन करने की शिकायतें मिल रही हैं। इसको लेकर झोलाछाप के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि ऐसे क्लीनिक और अस्पतालों की सूची तैयार की जा रही है जो बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे हैं। जल्द ही इन सभी को नोटिस जारी किया जाएगा। उचित जवाब न मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
20 से अधिक अस्पतालों में नहीं है अग्निशमन की उचित व्यवस्था
जिले में करीब 60 अस्पताल पंजीकृत हैं इनकी स्थिति भी अच्छी नहीं है इनमें करीब 20 अस्पताल ऐसे हैं जो बिना अग्निशमन व्यवस्था के ही संचालित हो रहे हैं। जबकि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि बिना अग्निशमन व्यवस्था के किसी अस्पताल का संचालन न किया जाए। सीएमओ ने सभी अस्पतालों से अग्निशमन का प्रमाणपत्र मांगा है।
बिना पंजीकरण के किसी भी अस्पताल का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। नोडल अधिकारी लगातार कार्रवाई कर रहे हैं अवैध क्लीनिकों को बंद कराकर संबंधितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
- डॉ.आरसी गुप्ता, सीएमओ