मैनपुरी। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे में पांच नए कोरोना संक्रमित मिले। सीएमओ के आदेश पर सभी को होम आइसोलेट किया गया। इसके साथ ही जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 10 पहुंच गई है।
जिले में एक बार फिर से कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने लगी है। बुधवार की रात आई जांच रिपोर्ट के अनुसार शहर के अलग-अलग क्षेत्र निवासी तीन महिलाएं और दो पुरुष कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने पांचों को होम आइसोलेट कराया है। वहीं, क्षेत्रीय चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए हैं कि संक्रमितों को उनके घर पर ही उपचार दिया जाए। सीएमओ ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे कोरोना के सभी टीका समय से लगवा लें। जिन लोगों ने अभी तक बूस्टर डोज नहीं लिया है, वे हर हाल में बूस्टर डोज समय से ले लें। सीएमओ ने कहा कि यदि किसी को कोरोना के लक्षण दिखते हैं तो वह अपनी जांच अवश्य करा ले। सीएमओ ने कहा कि घबराने की बात नहीं है अब जो वायरस मिल रहा है वह तीन से चार दिन में स्वत: ही समाप्त हो जाता है।