कासगंज। जिले में गेहूं की खरीद के लिए तैयारियां शुरू हो गईं हैं। एक अप्रैल से खरीद शुरू हो जाएगी। खरीद के लिए 49 केंद्रों का निर्धारण किया गया है। किसान को अपना गेहूं खरीद केंद्र पर बेचने के लिए पहले पंजीकरण कराना होगा। जिले में गेहूं प्रमुख फसलों में शामिल है। इस बार 94 हजार हेक्टेयर में इस फसल को बोया गया है। यह रकवा पिछले साल से 2 हजार हेक्टेयर कम है। शासन से गेहूं की खरीद के लिए इस बार 40 रुपये क्विंटल समर्थन मूल्य बढ़ाया गया है।
जिससे समर्थन मूल्य बढ़कर 2015 रुपये क्विंटल हो गया है। ऐसे में किसानों को काफी लाभ मिलेगा। गेहूं की खरीद के लिए प्रशासन ने भी अपनी तैयारी कर ली है। तीन सरकारी एजेंसियों ने गेहूं की खरीद में दिलचस्पी दिखाई है। जिले में कुल 49 केंद्र इन एजेंसियों के बनाए गए हैं। जिसमें खाद्य विभाग 7 केंद्रों पर, पीसीएफ 41 केंद्रों पर एवं भारतीय खाद्य निगम एक केंद्र पर गेहूं की खरीद करेगी। खरीद के लिए अभी सरकार से लक्ष्य का निर्धारण नहीं किया गया है।
ये रहेगी पंजीकरण प्रक्रिया
किसान एफसीएस डॉट यूपी डॉट जीओवी डॉट इन पर अपना पंजीकरण करा सकेंगे। पंजीकरण के लिए किसानों को खतौनी, आधार कार्ड एवं मोबाइल साथ में लेकर जाना होगा। किसान को पंजीकरण कराते समय अपनी बोई फसल का रकबा भी अंकित कराना होगा। इसके साथ ही किसान को अपनी हिस्सेदारी भी दिखानी होगी। किसी भी जन सेवा केंद्र से पंजीकरण हो सकेगा।