आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम स्थित कांशीराम आवास में बुधवार को घर में अकेली 46 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि हत्या में महिला के दामाद पर शक है। पत्नी से आए दिन विवाद होने पर वो सास को जिम्मेदार मानता था। उसे हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में उसने कई जानकारी दी हैं।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि कांशीराम आवास निवासी रेखा अग्रवाल के पति राजकुमार अग्रवाल की मौत हो चुकी है। उनकी तीन बेटियां हैं। इनमें दो की शादी हो चुकी है। एक बेटी आभा कश्यप कांशीराम आवास, जबकि दूसरी मेघा दयालबाग में रहती है। रेखा अपनी छोटी बेटी हर्षिता के साथ रह रही थीं। मंगलवार को हर्षिता दयालबाग अपनी बहन के घर में रहने गई थी।
बुधवार रात को रेखा से मिलने उनकी बहन आई थीं। वह घर में अंदर गई तो पलंग पर रेखा मृत मिलीं। उनके गले पर दुपट्टा कसा था। यह देखकर उन्होंने अन्य परिजनों को बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जांच की।