एलटी ग्रेड परीक्षा में केंद्र में उपस्थित अभ्यर्थी।
आगरा। उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग (यूपीपीएससी) की सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) परीक्षा के दूसरे दिन भी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की उपस्थिति कम रही। रविवार को भी परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई।
जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रथम पाली में 13,186 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से केवल 5,691 परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं द्वितीय पाली में 2,522 में से 1,491 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। अब 21 दिसंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी।
पहली पाली में विज्ञान विषय का पेपर आयोजित हुआ। इसे अभ्यर्थियों ने मध्यम बताया। कानपुर से आए अंशुल ने बताया कि पेपर मध्यम रहा। लॉजिकल प्रश्न ज्यादा रहे। रासायनिक विज्ञान के जुड़े प्रश्न जटिल रहे। जबकि दूसरी पाली में संस्कृत का प्रश्नपत्र रहा। इसे भी अभ्यर्थियों ने मध्यम बताया।
लखनऊ से आए अंकित ने बताया कि पेपर ज्यादा कठिन नहीं रहा। पहले से मध्यम प्रश्नपत्र रहा। व्याकरण कठिन रहा। दोनों ही पालियों में केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पूर्व बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराने और सीसीटीवी लाइव मॉनिटरिंग की भी व्यवस्था रही।
प्रशासन ने कुल 35 परीक्षा केंद्र बनाए थे, जिनमें 29 केंद्र प्रथम पाली और 6 केंद्र द्वितीय पाली के लिए निर्धारित थे। प्रथम पाली में 29 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 29 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जबकि द्वितीय पाली के लिए 6-6 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई। सभी केंद्रों की लाइव फीड कंट्रोल रूम होते हुए आयोग तक भेजी जाती रही।