आगरा। ताजगंज इलाके में जमीन बेचने के नाम पर 44.51 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। थाना एकता क्षेत्र में जमीन का सौदा करने के बाद रकम लेने के बाद दूसरे व्यक्ति को भी उसी जमीन का बैनामा कर दिया गया। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
पीड़िता मनोरमा गुप्ता, निवासी पार्श्वनाथ प्रेरणा, फतेहाबाद रोड ने बताया कि उनके पुत्र अर्पित गुप्ता और अंशी गुप्ता ने नत्थाराम निवासी बुढेरा से ब्रह्मनगर स्थित कृषि भूमि का सौदा 1.10 करोड़ रुपये में तय किया था। 6 जून 2025 को नोटराइज्ड एग्रीमेंट किया गया था, जिसमें तीन माह के भीतर बैनामा होना तय था। एग्रीमेंट के समय तक 25.11 लाख रुपये दिए जा चुके थे। इसके बाद 24 और 26 जून 2025 को 8 लाख और 6 लाख रुपये के दो चेक के साथ ही 5.40 लाख रुपये नकद दिए गए। 44.51 लाख रुपये प्राप्त होने के बावजूद आरोपी लगातार बैनामा टालते रहे। इस दौरान नत्थाराम और उसके पुत्र लक्ष्मण व महेश ने साजिश के तहत जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। इस सौदे में मध्यस्थ अजगर सिंह, परवेंद्र सिंह और मुकेश कुमार की भी साजिश में भूमिका है।
आरोप है कि 27 मार्च को आरोपियों ने पीड़िता को डीआरटी अस्पताल बुलाकर जबरन कागजों पर हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी लगातार धमका रहे हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। थानाध्यक्ष एकता ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।