जिले में गिरता भूमि जल स्तर चिंता का विषय बन गया है। हालात ये हैं कि 15 में से 11 ब्लाक डार्क जोन में आ चुके हैं। इनमें जगनेर, अछनेरा, एत्मादपुर और शमसाबाद सहित कई ब्लाक तो ऐेसे हैं जहां न केवल पेयजल की किल्लत हो रही बल्कि सिंचाई के अभाव में फसलों का उत्पादन भी प्रभावित हो रहा है। इस स्थिति को देखते हुए सिंचाई विभाग ने जिले के छह ब्लाकों में नदियों और नालों पर चेक डैम बनाने की योजना तैयार की है। छह चेक डैम तो तैयार भी हो चुके हैं।
शासन की ओर से लघु सिंचाई योजना के तहत जिले में मध्यम गहरे नलकूप, गहरे नलकूप और गिरते जल स्तर को ध्यान में रखते हुए ग्राउंड वाटर रीचार्जिंग योजना के तहत चेक डैम बनाने की प्रक्रिया चल रही है। सहायक अभियंता लघु सिंचाई ने आगरा जिले के ब्लाक जगनेर, शमसाबाद, एत्मादपुर, अकोला, अछनेरा और फतेहपुर सीकरी में करीब 35 चेक डैम बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। डैम बनाने के लिए खारी नदी, किवाड़ नदी और कटी नदी के साथ इन ब्लाकों में निकलने वाले नालों और ड्रेन को शामिल किया है। जगनेर और अकोला ब्लाक में 09 चेक डैम का कार्य पहले से चल रहा है। डैम बनाकर बरसात के दौरान इन नदियों और नालों में बहकर बर्बाद होने वाले पानी को संरक्षित किया जाएगा। इससे आसपास की फसलों की सिंचाई होगी साथ ही वर्ष भर पानी भरा रहने से भूमि का जलस्तर भी बढ़ेगा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जिले के सांसद और विधायकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्रों में जहां चेक डैम बनाने की जरूरत हो और बनाया जा सकता हो तो उसका प्रस्ताव सिंचाई विभाग को भेज सकते हैं।
यहां लगभग बन रहे हैं चेक डैम
गांव का नाम नाला, ड्रेन/ नदी ब्लाक कार्य की प्रगति
हंसराज किवाड़ नदी जगनेर पूर्ण
कछपुरा विसंधरी नाला जगनेर पूर्ण
नगला सावला वेस्टर्न ड्रेन अकोला पूर्ण
आहरज-2 हरनद नाला एत्मादपुर पूर्ण
झारपुरा किवाड़ नदी जगनेर पूर्ण
बाबरी मठ कटी नाला जगनेर पूर्ण
रिछुहा चूल्ही नाला जगनेर कार्य प्रगति पर
बरौली खारी नदी अछनेरा कार्य प्रगति पर
खेड़ा खारी नदी अछनेरा कार्य प्रगति पर
इन गांवों में चेक डैम बनाने का भेजा प्रस्ताव
आगरा। सिंचाई विभाग ने जिले के छह ब्लाकों में करीब 35 गांवों में नदी और नालों और ड्रेन पर चेक डैम बनाने का प्रस्ताव भेजा है। इनमें जारुआ कटरा, मनकेंड़ा, मनिया जिटौरा, नगला भुजा, रिछुहा (3)भोजपुरा (2), मिर्जापुर, भारा (2), वाजिद पुर, देवरी, जगनेर, नगला भुम्मा, शाहगंज (3), नगला उदयपाल, नगला हसनू, कठूमरी, कासपुरा, बसई (3), रंधीपपुरा, सोनी खेड़ा, गोनपुर, चंदीपुर, थानाशंकर द्वारी, मेहरामपुर, गुढ़ा, गढ़ीमा, सांधन, दानपुर, दौलताबाद, उंदेरा में करीब 35 चेक डैम बनाने का प्रस्ताव भेजा है।
यमुना में रबर चेक डैम योजना अधर में
आगरा। एक तरफ शासन बरसाती नदियों में चेक डैम की योजना पर काम कर रहा है, वहीं दूसरी ओर यमुना नदी में वृंदावन और आगरा में रबर चेक डैम बनाने की योजना अधर में है। पिछले दिनों विधानसभा में एत्मादपुर क्षेत्र के विधायक धर्मपाल सिंह ने यह मामला उठाया था। तब सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने यह कहकर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया था अभी तो प्रस्ताव की कार्ययोजना पर ही विचार चल रहा है।