आगरा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आशुलिपिक (स्टेनोग्राफर) मुख्य परीक्षा मंगलवार को 23 केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। पंजीकृत 10,176 अभ्यर्थियों में 4354 उपस्थित रहे। जबकि 5822 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान पत्र की जांच और चेकिंग के बाद प्रवेश दिया गया। हर परीक्षा केंद्र पर 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक की तैनाती की गई थी। अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर मध्यम रहा। पूर्व की परीक्षाओं की तुलना में इस बार का पेपर सरल आया। हिंदी से जुड़े प्रश्नों ने थोड़ा उलझाया, जबकि सामान्य ज्ञान और कंप्यूटर से संबंधित प्रश्न जटिल पूछे गए। मेरठ के अभ्यर्थी अमर ने बताया कि हिंदी विषय में सामान्य प्रश्न भी काफी घुमावदार आए थे। वहीं, कंप्यूटर हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर आधारित प्रश्न सरल रहे। फर्रुखाबाद के प्रेम ने बताया कि रीजनिंग ने काफी उलझाया। इसके अलावा सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न सरल रहे।