अकोला। कस्बे के चौधरी चरण सिंह चाहरवाटी महाविद्यालय के ग्राउंड पर सर्व समाज समिति के तत्वावधान में 33वें चौधरी चरण सिंह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को टूर्नामेंट के दो मैच खेले गए। पहले मैच में चाहर क्रिकेट एकेडमी और दूसरे मैच में हाथरस क्रिकेट क्लब विजेता रहा। चाहर एकेडमी के मुकीम और हाथरस क्रिकेट क्लब के तीर्थ को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पहला मैच चाहर क्रिकेट एकेडमी और रोडीज क्रिकेट क्लब के मध्य खेला गया। इसमें रोडीज क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में 127 रन बनाए। वहीं, चाहर एकेडमी ने रोडीज क्लब को पांच विकेट से हराया। मैन ऑफ द मैच रहे मुकीम ने 40 बाॅल में 55 रन बनाए। दूसरा मैच हाथरस क्रिकेट क्लब और चाहर क्रिकेट एकेडमी के बीच हुआ। हाथरस क्रिकेट क्लब 133 रन बनाकर विजेता बना जबकि चाहर क्रिकेट एकेडमी 98 रन पर सिमट गई। मैन ऑफ द मैच रहे तीर्थ ने तीन विकेट लिए और 32 रन की पारी खेली। उदयवीर चाहर, राजकुमार, सूरज रैना और अमित कोच मैच में अंपायर रहे। मैच में सर्व समाज समिति के अध्यक्ष एडवोकेट अजयराज चाहर, संयोजक दीपू काका, श्रीकृष्ण शर्मा, पुष्पेंद्र चाहर, शिव कुमार जैकर, मनोज चाहर, केसी भइया और रवि चाहर आदि मौजूद रहे।