टैंटीगांव(मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे हरनौल अंडरपास सर्विस रोड के करीब एक युवक को गोलियों से भूनकर मार दिया गया। उसे चार गोलियां लगी हैं। जहां युवक का शव पड़ा था वहीं कुछ दूरी पर शराब की खाली बोतल और गिलास भी बरामद हुआ है। माना जा रहा है कि पहले शराब पी गई और उसके बाद हत्या हुई। घटना के मूल में आठ बीघा जमीन को हड़पने का मामला बताया जा रहा है। युवक इस जमीन का इकलौता वारिस वही था। तीन महीने पहले ही उसके पिता की मौत हुई थी।
कोतवाली सुरीर के गांव हरनौल निवासी पंकज शर्मा (24) पुत्र स्व. पप्पू शर्मा मंगलवार की शाम छह बजे अपनी मोपेड लेकर घर से निकला था। उसके बाद घर नहीं लौटा। बुधवार की सुबह ग्रामीण शौच को गए तो पंकज का शव खून से लथपथ हालत में हरनौल अंडरपास के पास पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची सुरीर पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई। प्रभारी निरीक्षक अनूप सरोज ने बताया कि मौके से तीन कारतूस, शराब और गिलास बरामद किए गए हैं। मामला संपत्ति का मालूम पड़ रहा। संपत्ति हड़पने को युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। सिर, पेट, सीने और जांघ में बेरहमी से गोलियां दागी गई हैं। मृतक की बहन माया देवी पत्नी संजय शर्मा ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पंकज के पिता की भी तीन माह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी मौत
टैंटीगांव (मथुरा)। मृतक पंकज शर्मा के पिता पप्पू शर्मा की भी तीन माह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। 30 जनवरी को सुरीर के मिरतना रोड पर उनका शव पड़ा मिला था। हालांकि इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था। मां की पूर्व में ही बीमारी के चलते मौत हो चुकी थी। बहन की शादी हो गई थी। पंकज घर में अकेला रह गया था। सीओ महावन विजय शंकर मिश्र ने बताया कि पूर्व में गांव के एक युवक ने पंकज का मकान अपने नाम करवा लिया था, पर आठ बीघा जमीन अब भी पंकज के नाम थी।
पंकज के इलाज को बेच दी थी 10 बीघा जमीन
टैंटीगांव(मथुरा)। पिता पप्पू शर्मा ने इकलौते बेटे पंकज के इलाज के लिए 10 बीघा जमीन भी बेच दी थी। बताते हैं कि पंकज की किडनी खराब थीं। पंकज का इलाज कराते हुए पिता की मौत हो गई। पंकज ने सोमवार को गाली-गलौज, मारपीट और जमीन अपने नाम कराने की धमकी दिए जाने का मामला फूफा और उनके परिजनों के खिलाफ दर्ज कराया था।