मैनपुरी-कुरावली। जीटी रोड पर शुकवार की सुबह ट्रैक्टर से गिरकर मजदूर की मौत हो गई। हादसा ओवरटेक कर आगे निकल रहे ट्रक के कट मारने से हुआ। थाना क्षेत्र के गांव जमलापुर निवासी 30 वर्षीय दुर्गपाल मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। शुक्रवार सुबह वह लिंटर डालने वाली मशीन ले जा रहे ट्रैक्टर में बैठकर मजदूरी के लिए जा रहा था।
सुबह करीब 10 बजे ट्रैक्टर जब जीटी रोड पर एक ढाबा के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने ओवरटेक करने की कोशिश की। ट्रक का कट लगने के बाद ट्रैक्टर असंतुलित हो गया और दुर्गपाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के अनुसार मृतक के दो साल की पुत्री है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।