जलेसर(एटा)। चुनावी माहौल हो और अयोध्या की बात न हो ऐसा कैसे संभव है। हर बार की तरह एक बार फिर अयोध्या चर्चा में है। इसके केंद्र में है राम मंदिर। यह सब हम इसलिए बता रहे हैं कि इस बार अयोध्या और राम मंदिर के साथ ही एटा का जलेसर भी चर्चा में है। वजह है यहां बनने वाले घंटे। दरअसल बनारस के कुछ लोगों ने जलेसर के एक उद्यमी को 11 क्विंटल का घंटा बनाने का आर्डर दिया है। बताया जा रहा है यह घंटा अयोध्या में राम मंदिर पर चढ़ाया जाएगा। घंटा तैयार होने के बाद अयोध्या से पहले बनारस (काशी) जाएगा। इस घंटे को बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं।
घंटे की डाई बनाने में ही लगेगा एक माह
11 क्विंटल के घंटे का आर्डर पहली बार किसी उद्यमी को मिला। इसे लेकर उद्यमी से लेकर कारीगर तक उत्साहित हैं। साथ ही घंटे को बनाकर तैयार करने की भी बेचैनी है। इस घंटे को तैयार कर रहे मुख्य कारीगर ने बताया कि घंटा बनाने के लिए डाई बनाने का काम शुरू कर दिया है। अभी तो घंटे की डाई और सांचा बनाने में ही लगभग एक माह लग जाएगा। इसके लिए तीन भट्टी तैयार की जा रहीं हैं। इसे बनाने में कम से कम एक दर्जन कारीगर लगेंगे।
एटा-जलेसर की पहचान है घंटा
11 क्विंटल के घंटे का आर्डर पाने वाले उद्यमी व जलेसर नगर पंचायत के चेयरमैन विकास मित्तल ने बताया कि एटा और जलेसर की पहचान ही घंटे-घंटियों से है। जलेसर की ही मिट्टी ऐसी है, जहां घंटा बनता है। इसके अलावा पूरे देश में कहीं भी घंटा नहीं बनते हैं। अगर दूसरी जगह घंटा बनता है तो वहां जलेसर से ही मिट्टी जाती है। उन्होंने बताया कि अभी तक उन्होंने 800 किलो भार का घंटा बनाया है। 11 सौ किलो का घंटा पहली बार बना रहे हैं। यह घंटा बनारस के लोगों ने तैयार कराया है। वह इसे बनारस भेजेंगे, इसके बाद वहां से इस अयोध्या पहुंचाया जाएगा।
कारीगरों की बात
- 11 क्विंटल का घंटा बनाने का मेरा पहला अनुभव है। अब से पहले मैं आठ क्विंटल का घंटा बना चुका है। खुशी इस बात की है कि घंटा के माध्यम से ही सही वह भगवान राम के मंदिर का हिस्सा बन सकेगा। - दाऊदयाल, मुख्य कारीगर
- अभी तक छोटे छोटे घंटे बहुत बनाए है। मगर पहली बार इतना भारी घंटा बनाने का मौका मिला है। हमारे हाथ का बना हुआ घंटा अयोध्या पहुंचेगा यह हमारे लिए खुशी की बात है। - कंचीराम, कारीगर
सबसे अधिक समय नई डाई और सांचा तैयार करने में लगेगा। इसके बाद घंटा में किसी भी तरह की कोई कमी न रहे। यह हम सबके लिए बहुत बड़ी चुनौती होगी। - दिनेश, कारीगर