हादसे में गई लांस नायक की जान।
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र में सोमवार की शाम भांवत के पास एक लांस नायक की बाइक में वैन ने टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, मगर रास्ते में ही मौत हो गई। वे कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव विरसिंगपुर निवासी 42 वर्षीय राजीव सिंह चौहान सेना में लांस नायक थे। वर्तमान में उसकी तैनाती गुवाहाटी में 14 ग्रेनेडियर में थी। 10 सितंबर को वह छुट्टी लेकर घर आए थे। सोमवार की शाम करीब 8:30 बजे वह बाइक से शहर के बिछिया रोड स्थित मकान पर आ रहे थे। बाइक जब थाना एलाऊ क्षेत्र में भांवत के पास पहुंची तभी पीछे से आ रही वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए लोग जिला अस्पताल ला रहे थे। मगर रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी होने के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
मैनपुरी। थाना कुर्रा क्षेत्र निवासी लांस नायक राजीव की मौत के बाद पत्नी सीमा चौहान का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की दो पुत्री 14 वर्षीय शक्ति, 10 वर्षीय साक्षी और छह वर्षीय पुत्र अरमान भी पिता की मौत के बाद सदमे में हैं। हादसे में सैन्यकर्मी की मौत के बाद गांव में भी सन्नाटा पसरा हुआ है।