बैंक हर कर्जदार को देगा दो लाख का दुर्घटना बीमा
- फोटो : अमर उजाला
एटा। ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त के लखनऊ से आए चेयरमैन एसबी सिंह ने मंगलवार को क्षेत्रीय कार्यालय एटा के अधीन जिले की शाखा प्रबंधकों के साथ व्यवसायिक समीक्षा बैठक की। बैठक में शाखा प्रबंधकों द्वारा किसानों को ऋण देने में की जा रही आनाकानी पर पेंच कसे और ऋण देने में किसानों को सहूलियतें देने पर जोर दिया।
ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त चेयरमैन एसबी सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि बैंक की ओर से कर्जदारों के लिए आर्यावर्त निशुल्क दुर्घटना बीमा योजना शुरू की गई है जिसमें एक रुपये से लेकर एक करोड़ तक का कर्जदार शामिल किया गया है। किसी भी योजना के तहत आर्यावर्त बैंक से ऋण लिया गया है वह दुर्घटना बीमा पाने का हकदार है। ऐसे कर्जदार अथवा ऋणी को दुर्घटना होने पर बैंक की ओर से दो लाख रुपये की बीमा राशि मुहैया कराई जाएगी। बैंक से कर्जदार लेते समय व्यक्ति को योजना के अनुदान के बारे में नहीं सोचना चाहिए बल्कि ऋणी से रोजगार को सफल बनाने पर जोर दिया जाना है। तब ऋणी व्यक्ति की आर्थिक स्थित सुधर सकती है। अगर सरकारी की योजना में दी जा रही छूट अथवा अनुदान के बारे में सोचा तो वह व्यक्ति आगे कुछ नहीं कर सकता। जीएम रंजीत सिंह, आरएम राजीव कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे।