फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाई को तिलक कर की मंगल कामना, राखी बांध लिया रक्षा का वचन

Sun, 26 Aug 2018 08:44 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला आगरा
विज्ञापन
रक्षाबंधन पर भाई को तिलक लगाती बहन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आगरा में भाई और बहन के पवित्र प्रेम का त्योहार रक्षाबंधन जिले में परंपरागत रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर रोली से तिलक कर उनके लिए मंगल कामना की और रक्षा सूत्र बांधकर उनसे अपनी रक्षा का वचन लिया। भाइयों ने बहनों की रक्षा का वचन देने के साथ-साथ बहनों को उपहार दिए।
विज्ञापन


रक्षाबंधन पर दिनभर शुभ मुहूर्त रहा। इसके चलते रविवार सुबह से ही राखी बांधने की परंपरा का निर्वहन शुरू हो गया। बहनें अपने भाइयों के यहां रक्षाबंधन की परंपरागत मिठाई घेवर लेकर पहुंची, जहां घेवर अधिक पसंद नहीं किया जाता है, वहां शगुन के तौर घेवर गया, उसके बाद पेठा या फल जैसे अन्य विकल्पों को चुना गया।

रक्षाबंधन पर भाइयों ने बहनों को जहां रुपये, वस्त्र के साथ मोबाइल फोन आदि उपहार में दिए। छोटे बच्चों ने भी पर्व का खूब आनंद उठाया। छोटी-छोटी बहनों के अपने भाइयों को टीका कर रक्षा सूत्र बांधा। संयुक्त परिवारों में दिनभर शोरशराबा और उल्लास का माहौल रहा।
विज्ञापन


रक्षाबंधन पर बहनों के आवागमन के लिए लगे सरकारी साधन कम पड़ गए। शहर में सिटी बसों मेें जबरदस्त भीड़ रही। दूसरा सिटी बस की सुविधा शहर के सभी इलाकों में तो है नहीं, ऐसे में ऑटो, ई-रिक्शा और सामान्य रिक्शा चालकों की चांदी हो गई। जिन रूट पर कभी 10-15 रुपये किराया लगता था, वहां उन्होंने 40-50 रुपये तक वसूल किए। दिन ऑटो पूरी सवारियों के साथ चलते रहे।

सामान्य दिनों में मिठाई जरूर कम खाई जाती है, लेकिन त्योहार पर मिठाई का ही बोलबाला रहता है। रक्षाबंधन पर घेवर की दुकानों पर जबरदस्त भीड़ रही। घेवर के साथ-साथ अन्य मिठाइयां भी खूब खरीदी गई। मिठाई विक्रेता संतोष अग्रवाल ने बताया कि उनके यहां घेवर बनाने का काम कई दिन से चल रहा था, लेकिन शाम तक घेवर समाप्त हो गया था। उधर नूरी दरवाजा के एक प्रसिद्ध पेठा स्टोर पर पेठे के खरीदारों की काफी भीड़ रही।

रक्षाबंधन त्योहार पर भुजरिया मेलों की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। कभी पेड़ों की डालों पर झूले डाले जाते थे और मायके आई बहनें जमकर झूलती थीं, लेकिन अब बदलते दौर के साथ पेड़ पर डलने की झूलों का स्थान मेले में लगने वाले झूलों ने ले लिया है। इसके चलते शहर में कई स्थानों पर मेले लगते हैं। प्रमुख मेला बोदला में लगता है। यहां मेला तीन दिन तक चलता है।

मेले में रसिया दंगल का आयोजन किया जाता है। रविवार को मेले में जबरदस्त भीड़ रही। बहनों ने जमकर झूला, खिलौने खरीदे और चाट पकौड़ी का आनंद लिया। राम नगर पुलिया, राजपुर चुंगी, नुनिहाई आदि स्थानों पर झूले लगे। पचकुइंया बाजार कमेटी की ओर से आयोजित भुजरिया मेला सोमवार से आयोजित होगा। मेला कमेटी के अध्यक्ष मुनेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि मेला का शुभारंभ सोमवार शाम को मेयर नवीन जैन और क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें