टाउनशिप (मथुरा)। हुंडई शोरूम के सेल्स मैनेजर ने कार में कम पेट्रोल डाले जाने का आरोप लगाते हुए पंप कर्मियों से बदसलूकी की। इससे पंप कर्मचारी भी गुस्से में आ गए और मामला बढ़ गया। बाट-माप निरीक्षक ने पेट्रोल पंप पर पहुंच कर जांच की तो शिकायत झूठी पाई गई।
सेल्स मैनेजर अंसार मंगलवार को अपने साथियों सहित हर-हर महादेव पेट्रोल पंप पर पहुंचे और अपनी एलाइट 120 गाड़ी में पेट्रोल भरवाया। हंगामा इस बात पर खड़ा हो गया कि पंप कर्मी ने गाड़ी में 53 लीटर पेट्रोल डाल दिया, जबकि सेल्स मैनेजर अंसार का कहना था कि गाड़ी में 40 लीटर से अधिक पेट्रोल आता ही नहीं है।
पंप कर्मियों का आरोप है कि इस दौरान गाड़ी में बैठे अन्य साथियों ने उनके साथ बदतमीजी की। इसी बीच सेल्स मैनेजर के साथ आए बंशी लाल चौधरी ने बाट-माप विभाग को फोन कर दिया। बाट-माप निरीक्षक अनुराग कुशवाह के निरीक्षण में हुंडई के सेल्स मैनेजर की बात झूठ निकली, गाड़ी में 53 लीटर से अधिक पेट्रोल निकला। अपनी गलती का अहसास करते हुए हुंडई अफसर वहां से चले गए। पेट्रोल पंप मालिक नंद लाल उपाध्याय ने पुलिस को तहरीर दी है।