गोवर्धन (मथुरा)। गिरिराज तलहटी के राजस्थान सीमा में कराए गए विकास कार्यों का पीडब्ल्यूडी मंत्री यूनुस खान ने जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही नहीं बरतें। इस काम को भगवान का काम मानकर चलें। परिक्रमा में निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर संबंधित ठेकेदार व परियोजना अधिकारी को सचेत भी किया।
राजस्थान पीडब्ल्यूडी मंत्री यूनुस खान पूंछरी पहुंचे थे। जहां उन्होंने श्रीनाथ जी के मंदिर में भगवान के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। श्रीनाथ जी के मंदिर में गिरिराज जी की तलहटी के विकास को लेकर जिला कलेक्टर भरतपुर संदेश नायक, एसडीएम डीग शेर सिंह लुहारिया, परियोजना अधिकारी आशाराम सैनी से भी चर्चा की।
पूंछरी में अंदर की कच्ची व इंटरलॉकिंग की परिक्रमा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिक्रमा के कच्ची व पक्की सड़क के बीच में बनाए गए डिवाइडर में घटिया सीमेंट की ईंट मिलने पर ठेकेदार व परियोजना अधिकारी को मौके पर ही तलब किया तो ठेकेदार ने बताया कि पुरानी ईंटों का इस्तेमाल किया गया है।
मंत्री ने कहा कि गिरिराज जी की परिक्रमा का स्वरूप ऐसा होना चाहिए जिससे कि यहां आने वाले यात्री सुखद अनुभव महसूस करें। इसके लिए इन योजनाओं के स्वरूप को बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने यूपी सीमा तक पैदल ही परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया।
मंत्री यूनुस खान ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार ने वैष्णो देवी के श्राइन बोर्ड की तर्ज पर गिरिराज जी गोवर्धन विकास परिषद का गठन कर काम करने का संकल्प लिया है। इसके गठन के बाद वित्तीय व्यवस्थाएं भी बढ़ाई जाएंगी। यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विश्रामालय, पानी, छायादार वृक्ष, जनसुविधाएं, सुरक्षा आदि की व्यवस्थाओं में बढ़ोत्तरी की जाएगी।