एटा। कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी आयोग का सदस्य बताकर प्रोटोकॉल लेकर वीआईपी व्यवस्थाएं कराने वाले गौरव दयाल वाल्मीकि के खिलाफ तहसीलदार ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में कोतवाली नगर पुलिस जांच कर रही है।
बता दें कि गौरव दयाल वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य का दो फरवरी को कार्यकाल समाप्त हो गया था। इसके बाद भी उन्होंने 26 जुलाई को जिले में भ्रमण कार्यक्रम किया और इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ धोखाधड़ी कर बैठक कर वीआईपी व्यवस्थाएं प्रोटोकॉल लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को परेशान किया। इस दौरान बैठक में अधिकारियों को हड़काया भी था। मामले में कोतवाली नगर में तहसीलदार संजीव ओझा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली नगर पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई कर रही है। बता दें कि इससे पहले आयोग के सदस्य गौरव दयाल वाल्मीकि के खिलाफ कासगंज में भी मामला दर्ज कराया जा चुका है।