मैनपुरी। अलीगढ़ से शुरू हुई सविता समाज की जनजागरण यात्रा शनिवार को नगर में पहुंची। आगरा रोड पर ब्रह्मदेव मंदिर के पास यात्रा का स्वागत किया गया। बाइक सवार लोग नारेबाजी करते हुए यात्रा के साथ भीमसेन मंदिर पहुंचे। सभा में यात्रा संचालक ने यात्रा से होने वाले लाभ के संबंध में लोगों को जागरूक किया।
जनजागरण यात्रा संचालक शिवकुमार राजौरिया ने कहा एकजुटता के अभाव में आज भी समाज अपने हकों से वंचित है। हक पाने के लिए एकजुट होकर लड़ाई लड़ी जाएगी, जिसके लिए समाज में एकजुटता जरूरी है। समाज का सभी राजनीतिक दल उपयोग कर रहे हैं। यात्रा के माध्यम से नाई जाति को अनुसूचित जाति के समकक्ष आरक्षण, लोक सभा चुनाव में टिकट का अधिकार, सम्राट अशोक की जयंती पर अवकाश, केशकर्तक को दो लाख रुपये का अनुदान, जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की गई है।
यात्रा के लखनऊ पहुंचने पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा। सविता महासभा के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार श्रीवास्तव ने समाज की एकजुटता के लिए अभियान चलाने पर जोर दिया। शिशुपाल सिंह एडीओ, कमलेश कुमार आरआई, रामप्रयोजन, रामनिवास श्रीवास्तव, श्रीओम अटल, मोनू ठाकुर, पप्पू ठाकुर, रामखिलाड़ी, कृपाराम, केके मास्टर, डा. नरेशचंद्र, भगवानदास, संजय श्रीवास्तव मौजूद रहे।