फिरोजाबाद। जिले की 76 ग्राम पंचायतों को इसी माह ओडीएफ (खुले में शौच से मुक्त) करा लिया जाएगा। ग्राम पंचायत द्वारा ओडीएफ घोषित करने से संबंधी प्रस्तावों के सत्यापन जांच को डीएम ने कई अधिकारियों को नियुक्त किया है। सभी को आगामी दस जुलाई तक रिपोर्ट देने को कहा है।
जिलाधिकारी व सीडीओ द्वारा स्वच्छ भारत मिशन की कमान संभालने के बाद इसका असर भी दिखने लगा है। सतत प्रयासों के बाद जिले के सभी नौ ब्लाकों में 76 ग्राम पंचायतों में एसबीएम लाभार्थियों व व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जा चुका है।
जिन ग्राम पंचायतों के प्रत्येक घर में शौचालय निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उनमें अरांब ब्लाक की 10, एका की तीन, फिरोजाबाद की छह, हाथवंत की 10, जसराना की तीन, मदनपुर की आठ, नारखी की सात, शिकोहाबाद की 14 व टूंडला की छह ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
इन ग्राम पंचायतों ने खुद को ओडीएफ घोषित कराने जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजे हैं। ग्राम पंचायतों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों के सत्यापन हेतु जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने छह अधिकारियों को तैनात किया है। सभी को इसी माह दस जुलाई तक अपनी सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।