मथुरा। सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक राजमिस्त्री और कैंटर चालक की मौत हो गई। छाता के हाईवे पर अकबरपुर के सुखदेव ढाबा के पास खड़े ट्रोला में पीछे से कैंटर घुस गया, जबकि जमुनापार के नगला खेड़ा के समीप ट्रैक्टर ने राजमिस्त्री को कुचल दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया।
हरियाणा के फलैंदा चांदहट (पलवल) निवासी अतवीर (42) पुत्र रामस्वरूप कैंटर में फ्रिज लेकर इटावा के लिए चला था। सोमवार की सुबह छाता कोतवाली के सुखदेव ढाबा (अकबरपुर) केे समीप खड़े ट्रोला में पीछे से कैंटर घुस गया। मौके पर ही कैंटर चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची छाता पुलिस ने शव को बमुश्किल निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने टकराए दोनों वाहनों को हाईवे से हटवाकर कोतवाली में खड़ा करवाया।
उधर, थाना जमुनापार के गांव खेड़ा निवासी रामबाबू (65) पेशे से राजमिस्त्री था। सोमवार की सुबह वह खेत से घर पैदल लौट रहा था। गांव के समीप पहुंचे राजमिस्त्री को मांट की तरफ से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल को परिजनों की मदद से सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चालक को ट्रैक्टर को पकड़ा है।