फरह (मथुरा)। टोल टैक्स मांगने पर गुस्साए रालोद नेता और उसके साथियों ने टोल कर्मचारियों को पिस्टल दिखाई और बैरियर तोड़कर निकल गए। नेता एवं उसके गुर्गों ने टोलकर्मियों को आगे से टोल मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। टोल कर्मचारी ने नेता व उसके साथियों के खिलाफ फरह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शुक्रवार दोपहर को सफेद कलर की एक कार टोल नंबर सात पर आकर रुकी। कार सवार ने अपने आप को रालोद का युवा जिलाध्यक्ष मुकेश पहलवान बताया। टोल पर तैनात नीलम कुमारी ने पर्ची कटवाने को कहा। इस पर रालोद नेता ने टोल न देने की बात कही। टोल अधिकारियों को बुलाया, इतने पर नेता ने पिस्टल निकाल ली और गोली मारने की धमकी देने लगा।
शिफ्ट इंचार्ज विक्रम मौके पर पहुंचे और उसने पर्ची कटाने को कहा। गाड़ी से उतरकर नेता ने पिस्टल को लोड किया और हाथ से बैरियर को तोड़कर गाड़ी को निकाल कर आगरा की ओर चला गया।
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। टोल मैनेजर ओपी यादव के साथ शिफ्ट इंचार्ज विक्रम ने रालोद नेता मुकेश पहलवान के खिलाफ फरह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएसआई यशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। टोल पर जाकर सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले गए हैं। प्रथम जांच में नेता की पिस्टल नजर आ रही है।