मैनपुरी। भोगांव मार्ग स्थित कुमार शीतगृह में बुधवार शाम अचानक अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा। रिसाव के समय बीस से तीस मजदूर अंदर थे, जो निकलकर बाहर की ओर भागे। सूचना मिलने के बाद करीब आठ बजे सीएफओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गैस रिसाव रोकने के प्रयास शुरू किए गए। टीम के समय पर पहुंचने से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की शाम भोगांव रोड स्थित कुमार शीतगृह में शाम को अचानक अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा। गैस की महक आने के बाद वहां काम कर रहे मजदूर कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन जब गैस का रिसाव तेज हुआ तो मजदूरों में भगदड़ मच गई। आलू भराई का काम रहे मजदूर भागकर बाहर निकल आए। रिसाव रोकने का प्रयास किया, लेकिन असफलता ही हाथ लगी। करीब आठ बजे इसकी सूचना सीएफओ मनू शर्मा को दी गई।
वह कुछ ही देर में टीम को साथ लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि गैस रिसाव तेज है जबकि सिलेंडर खाली होने में करीब दो घंटे का समय लगेगा। फिलहाल स्थिति काबू में है। प्रयास लगातार जारी हैं। मास्क पहने हुए कर्मियों ने अंदर जाकर रिसाव रोकने का काम शुरू कर दिया है। गैस की महक क्षेत्र में काफी फैल गई थी।