मथुरा। मसानी से गोकुल रेस्टोरेंट तक बने 21 मैरिज होम को प्राधिकरण ने नोटिस जारी किया है। कहा है कि यदि शादी समारोह के दौरान सड़कों पर वाहन नजर आए तो मैरिज होम तुरंत सील कर दिया जाएगा। सभी मैरिज होम पर प्राधिकरण सहालग खत्म होते ही कार्रवाई करेगा।
विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष यशु रुस्तगी ने करीब दो सप्ताह पूर्व इंजीनियरों को ऐसे मैरिज होम के चिन्हीकरण की जिम्मेदारी दी थी जिनके पास अपनी पार्किंग व्यवस्था नहीं है। इंजीनियरों ने मसानी चौराहे से लेकर गोकुल रेस्टोरेंट तक कुल 21 मैरिज होम चिह्नित किए हैं। इन्हें नोटिस देकर चेतावनी दी गई है।
साथ ही यह सूची प्राधिकरण ने गोविंदनगर थाने को भी सौंपी है।
सूची मिलने के बाद गोविंद नगर पुलिस ने भी मैरिज होम संचालकों को चेताया है। विकास प्राधिकरण सहालग खत्म होने के बाद इन मैरिज होम संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा। प्राधिकरण उपाध्यक्ष यशु रुस्तगी ने बताया कि ऐसे मैरिज होम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी जिनके यहां पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही इन मैरिज होम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।