फिरोजाबाद। सरकारी ट्रामा सेंटर में गोलीकांड में घायल से मेडीकल के नाम 35 हजार रुपया की डिमांड करने वाले ठेका कर्मियों पर गाज गिर गई। तीन ठेका कर्मियों को ट्रामा सेंटर से हटा दिया है। वह वार्डों में काम करेंगे।
जसराना के ग्राम सलेमपुर खटियाना निवासी संतोष गिरि (48) को सोते समय 25 दिसंबर को गोली मारकर घायल कर दिया था। परिवारीजन उपचार के लिए रात्रि में ट्रामासेंटर लाए थे। ट्रामासेंटर पर तैनात कर्मचारियों ने अच्छी मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने के नाम पर 35 हजार रुपये की डिमांड की थी। रुपया नहीं देने पर घायल को आगरा रैफर किए जाने की तैयारी कर ली थी।
मामला सीएमएस डॉ. आरके पांडे के पास पहुंचा तो घायल का एक्सरे कराया था। उसके ऑपरेशन किए जाने के दौरान गोली निकाली गई थी। इस मामले की जांच में रुपये मांगने की बात सामने आई। वहीं इससे पूर्व में ट्रॉमा सेंटर में मरीज एवं तीमारदारों से मेडिकल के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें आती रहीं हैं। शिकायतों पर सीएमएस डॉ. आरके पांडे ने भूपेश, बीपी सिंह व जगजीवन को ट्रॉमा सेंटर से हटाकर वार्डों में तैनात किया है।