औंछा (मैनपुरी)। नगला वंशी में 11 फीट गहरे गड्ढे में मिट्टी खोद रहीं किशोरी व पांच बच्चियां ढाय गिरने से दब गईं। इस दौरान हादसे में दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर हालत होने पर किशोरी को सैफई के लिए रेफर किया गया है। वहीं, मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तीन बच्चियों को सुरक्षित निकाल लिया।
थाना क्षेत्र में गांव नगला वंशी के पास बंबा की पुलिया के पास स्थित ग्रामसभा की जमीन पर जेसीबी से खुदाई करने के बाद मिट्टी प्राथमिक विद्यालय में डाली गई थी। मिट्टी की खुदाई से बंबा के पास करीब 11 फीट गहरा गड्ढा हो गया था।
रविवार दोपहर अनीता (16) अपनी भतीजी तनु उर्फ गुंजन (12), गांव की शिवानी (12), दीपा (15), शिवा (13) और मोहिनी के साथ बंबा के पास गड्ढे से घर की लिपाई के लिए पीली मिट्टी खोदने गई थी। सभी मिट्टी खोदने में व्यस्त थे। इसी बीच ढाय उनके ऊपर गिर पड़ी। इससे सभी मिट्टी में दब गईं।
मौजूद ग्रामीणों ने ये नजारा देखा तो घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और बचाव कार्य में जुट गए। मिट्टी हटाकर बच्चों को निकालने का काम शुरू किया। तनु उर्फ गुंजन, शिवानी और अनीता को जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, दीपा, शिवा और मोहनी को सकुशल बाहर निकाल दिया।
उधर, जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने शिवानी और गुंजन को मृत घोषित कर दिया। अनीता को सैफई भेजा गया। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाने के साथ ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। सैफई में भर्ती अनीता की हालत गंभीर बनी हुई है।