एटा। मारपीट के आरोप में पकड़े गए पिता और उसके दो बेटों के साथ कोतवाली देहात की हवालात में पुलिस ने मारपीट की। जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल से आगरा रेफर कर दिया गया। कच्ची शराब तस्करी की शिकायत पर गांव के ही दबंग ने पिता और उसके दो बेटों के साथ मारपीट की थी। जिसकी शिकायत करने वो थाने गए थे।
गांव नगला कदम निवासी प्रेमकिशोर और उसके बेटे मनीश, महेश को गांव के ही कालीचरन और उसके परिवारीजनों ने शनिवार शाम को लाठी डंडों से मारपीट करते हुए घायल कर दिया था। जिसकी शिकायत करने पीड़ित कोतवाली देहात गए थे। इस पर पुलिस ने उन पिता-पुत्र के साथ ही दूसरे पक्ष के कालीचरन और पुष्पेंद्र को पकड़ कर थाने में बैठा लिया। जिन्हें बाद में रात को हवालात में बंद कर दिया।
प्रेमकिशोर के चाचा राजीव कुमार ने बताया कि हवालात में बंद होने के बाद रात को पुलिस ने प्रेमकिशोर और उसके बेटों के साथ मारपीट की। जिससे उनकी हालत खराब हो गई। इसके साथ ही उसने बताया कि पुलिस ने रात को उन्हें ठंड से बचने के लिए कंबल भी नहीं दिए और न ही उन्हें खाना खिलाया था। वही जिला अस्पताल में पहुंचे पिता और उसके दो बेटों को चिकित्सकों ने गंभीर बता आगरा रेफर कर दिया।
पुलिस पर शराब का धंधा कराने का आरोप
एटा। जिला अस्पताल पहुंचे नगला कदम निवासी ग्रामीणों ने बताया कि कालीचरन कच्ची शराब का धंधा करता है। जिसकी पिछले दिनों लोगों ने शिकायत करते हुए कोतवाली देहात पुलिस को शराब तैयार कराने का सामान भी दिया था। इसके बाद भी पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की थी। ग्रामीणों ने पुलिस पर महीनेदारी की दम पर कच्ची शराब का कारोबार कराने का आरोप लगाया है।
आरोपी को कुर्सी, पीड़ित को जमीन पर बैठाया
एटा। ग्रामीणों ने बताया कि जिस समय प्रेमकिशोर और उसके बेटे घायल होकर थाने पहुंचे थे। उसी समय आरोपी पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे उसी समय आरोपी पक्ष के लोगों को पुलिस ने कुर्सी पर बैठाया जबकि पिता और उसके दो बेटों को जमीन पर बैठा दिया था। इतना ही नहीं पुलिस ने उनके साथ गाली गलौज करते हुए अभद्रता भी की थी।