कुरावली (मैनपुरी)। सलमान खान और शिल्पा शेट्टी द्वारा जातिगत टिप्पणी करने पर रविवार को वाल्मीकि समाज के लोगों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद जीटीरोड पर सलमान खान का पुतला फूंककर रोष व्यक्त किया।
अभिनेता सलमान खान और शिल्पा शेट्टी द्वारा टेलीविजन पर इंटरव्यू के दौरान वाल्मीकि समाज पर टिप्पणी किया गया था। इस पर समाज के लोगों में आक्रोश पनपता ही जा रहा है। रविवार को वाल्मीकि एकता मंच और सफाई मजदूर संघ के तत्वावधान में समाज के 200 लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान उन्होंने जीटीरोड स्थित वाल्मीकि आश्रम से जुलूस निकालकर जीटी रोड, सदर बाजार में विरोध प्रदर्शन किया। अध्यक्ष अमित कुमार वाल्मीकि ने कहा कि इस प्रकार के बयान से समाज के लोगों को काफी ठेस पहुंची है। इसलिए समाज के लोग अब चुप नहीं बैठेंगे।
इस मौके पर धीरेंद्र बाल्मीकि, अनुभव पाथरे, सचिन बाल्मीकि, दिनेश, सतीश, गिरीश, अजय, शिवा, देवेंद्र राही, मुरारी लाल, विनोद, महावीर सिंह, अतर सिंह, नंदराम, सुभाष, ध्रुव राही आदि मौजूद रहे।