कासगंज। प्रशासन निकाय चुनाव की मतगणना को तेजी से अंतिम रूप देने में जुटा है। मतगणना के लिए निकाय और वार्ड के आधार पर कक्षों के निर्धारण का कार्य पूरा कर लिया गया है। मतगणना पर पूरी निगरानी के इंतजाम किए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों की मदद से प्रत्येक टेबिल पर नजर रखी जाएगी।
एक दिसंबर को होने वाली निकाय चुनाव की मतगणना के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तीनों तहसील मुख्यालयों पर 10 निकायों की मतगणना होनी है। मतगणना के लिए मतगणना स्थल पर निकाय के हिसाब से कमरे निर्धारित कर दिए गए है। सूची चस्पा करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
सूची पर टेबिल संख्या के आधार पर जानकारी अंकित की जा रही है, जिससे प्रत्याशी और अभिकर्ता को दिक्कत न हो। कक्षों में बैरीकेडिंग का कार्य भी तेजी से चल रहा है। प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की गई है। कैमरे से निगरानी रखने के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
तहसीलदार एनराम ने बताया कि मतगणना की तैयारियों को तेजी से निपटाया जा रहा है। मतगणना की पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। मतगणना में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।