जलेसर में नामांन करते मनोज वार्ष्णेय बजरंगी भाजपा के बागी नेता
जलेसर। भारतीय जनता पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर बागी हुए दावेदारों ने बुधवार को नामांकन के दौरान आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाईं। तीनों प्रत्याशी जुलूस निकालकर और नारेबाजी करते हुए नामांकन करने तहसील पहुंचे। भाजपा से बागी निवर्तमान चेयरमैन अवागढ़ महेश पाल सिंह ने जुलूस निकाला, तो वहीं जलेसर से पूर्व पालिकाध्यक्ष रहे केजी वार्ष्णेय और मनोज वार्ष्णेय भी पीछे नहीं रहे। एसडीएम ने तीनों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कराया है।
बुधवार को तहसील परिसर में अवागढ़ के निवर्तमान चेयरमैन महेश पाल सिंह का काफिला नामांकन करने के लिए पहुंचा। प्रत्याशी के जुलूस को पुलिस ने गेट पर ही रोक दिया। इस दौरान तहसील परिसर में जमकर नारेबाजी की गई है। इसके बाद जलेसर नगर पालिकाध्यक्ष पद के दावेदार केजी वार्ष्णेय भी नगर में जुलूस निकालते हुए नामांकन करने पहुंचे। उनके समर्थकों ने जुलूस के दौरान जमकर नारेबाजी की। वहीं इसी पद के एक और प्रत्याशी मनोज वार्ष्णेय भी जुलूस निकालकर नारेबाजी करते हुए नामांकन करने पहुंचे। बता दें कि तीनों प्रत्याशी भाजपा से बागी हुए हैं।
सौ मीटर क्षेत्र में नहीं कर सकते नारेबाजी
एसडीएम जलेसर विजय कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश के तहत उम्मीदवार नामांकन के दौरान चार सहयोगियों को ला सकते हैं। नगर क्षेत्र में समर्थकों के साथ जुलूस तो निकाल सकते हैं, लेकिन नामांकन परिसर में से सौ मीटर के क्षेत्र में नारेबाजी और जुलूस नहीं निकाल सकते।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान अवागढ़ नगर पंचायत के निवर्तमान चेयरमैन महेश पाल सिंह, जलेसर पालिकाध्यक्ष पद के उम्मीदवार पूर्व पालिकाध्यक्ष केजी वार्ष्णेय, भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मनोज वार्ष्णेय बजरंगी के साथ नामांकन के लिए उमड़ी भीड़ के द्वारा तहसील परिसर में नारेबाजी की गई, जो आचार संहिता उल्लंघन में आती है। इसको लेकर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।