निर्वाचन विभाग की बेवसाइट पर सोरों का गलत आरक्षण दिखाई देता
कासगंज। स्टेट इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट पर सोरों नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए निर्धारित किए गए आरक्षण को गलत अंकित कर दिया है। आयोग से इस नगर पालिका का अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया है, लेकिन साइट पर अनुसूचित जाति दर्शाया जा रहा है। जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।
निर्वाचन विभाग की एनआईसी पर स्टेट इलेक्शन की वेबसाइट बनी हुई है। इस पर निर्वाचन विभाग चुनाव संबंधी जानकारी अपलोड करता है। इस समय स्थानीय निकाय चुनाव से संबंधित सूचनाएं साइट पर अपलोड कर रखी है। साइड के होम पेज पर लोकल अरबन बॉडीज नाम से एक कालम दिया है। इस कॉलम में इलेक्शन लाइव में नामांकन से मतगणना की तिथि का तीनों चरणों का ब्योरा दिया है। इसके बाद सर्च रिजर्वेशन का ऑपशन है। इस क्लिक करने पर निकाय पद एवं ब्यू के कालम है।
इसमें प्रदेश के किसी भी निकाय केे महापौर, अध्यक्ष, सभासद आदि का आरक्षण देखा जा सकता हैै। कासगंज जनपद की निकायों का आरक्षण देखनेे पर इसमें सोरों नगर पालिका का आरक्षण गलत अंकित आ रहा है। आयोग ने जनपद की निकायों के लिए जो आरक्षण जारी किया उसमें सोरों नगर पालिका का आरक्षण अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित है। नामांकन प्रक्रिया में इसी के आधार पर दावेदार अपने नामांकन खरीद भी रहे हैैं, लेकिन साइट पर अनुसूचित जाति दर्शाया जा रहा है।
नामांकन प्रक्रिया को शुरू हुए चार दिन का समय हो चुका है, लेकिन इस गलती को सुधार करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार का कहना है कि उनको चुनाव के संबंध में आरक्षण की जो सूची दी गई है उसमें अनुसूचित जाति महिला के लिए सीट आरक्षित दर्शाई गई है। इसी के आधार पर नामांकन पत्रों की बिक्री हो रही है।