कासगंज। जिला जेल में बंद एक कैदी की मंगलवार रात्रि के समय अचानक तबियत खराब हो गई। कैदी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जयसिंह (70) निवासी मारहरा एटा पांच फरवरी से जिला जेल में एटा से स्थानांतरित होकर आया। उस पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कई अन्य मामले चल रहे थे।
मंगलवार की रात्रि को उसकी तबियत खराब होने पर उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल प्रशासन ने सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की सूचना जेल प्रशासन को भी दी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। जेल अधीक्षक लक्ष्मी नरायन का कहना है कि जब कैदी को जेल में लाया गया था तब वह सांस का मरीज था। जेल में आने के बाद जब भी उसकी हालत बिगड़ी तो उसे चिकित्सालय भेजा गया। अलीगढ़ में भी उसका इलाज कराया जा चुका है। रात्रि के समय उसकी हालत बिगडने पर जिला चिकित्सालय भेजा गया। परिवारीजनों को उसकी मौत की सूचना दे दी गई है।
पहले भी हो चुकी है दो कैदियों की मौत
जिला जेल में कैदियों की हालत बिगड़ने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। दो कैदियों की मौत भी हो चुकी है। 29 अगस्त को राम रूप 35 पुत्र गनेश प्रताप निवासी भाऊपुर सहावर को बीमारी के चलते अलीगढ ले जाते समय मौत हो गई।
31 अगस्त को रोहताश उर्फ गौतम 22 पुत्र अमर सिंह निवासी गोरहा की बीमारी के चलते जिला चिकित्सालय ले जाते समय मौत हो गई। एक सितंबर को कैदी आरिफ पुत्र अताउल्लाह को बुखार से पीड़ित होने पर तथा एक महिला कैदी की पुत्री रजनी (साढे़ तीन वर्ष) कार्तिक (डेढ़ वर्ष) को उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया।