मैनपुरी/कुसमरा/बेवर। देहात क्षेत्र में की जा रही अनियमित बिजली कटौती से लोग परेशान हो रहे हैं। अधिकांश समय बिजली गायब होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बिजली की अघोषित और अनियमित कटौती के संबंध में कर्मचारी जानकारी ही नहीं देते हैं। लोगों का आक्रोश कभी भी फूट सकता है।
देहात क्षेत्र में अघोषित और अनियमित बिजली कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। कुसमरा क्षेत्र के कुसमरा, भदेही, रामनगर, बंसरमऊ, बरिहा, ऊंचा इस्लामाबाद, तरिहा, हिरौली, बुढ़ौली, इलाबांस के अलावा बेवर, सुल्तानगंज, औंछा, घिरोर क्षेत्र में कटौती की जा रही है। रात को 11 बजते ही बिजली कटौती शुरू की जाती है जो दूसरे दिन दोपहर बाद ही आती है। देहात में तीन से चार घंटे ही आपूर्ति मिल पा रही है।
लोगों तथा व्यापारियों को बिजली पर निर्भर लघु उद्योग आटा चक्की, बेल्डिंग के कारखाने, आरा मशीन संचालित करने में परेशानी हो रही है। बिजली नहीं होने से सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। अधीक्षण अभियंता उमेशचंद्र वर्मा का कहना है देहात में रोस्टर के हिसाब से ही आपूर्ति की जा रही है। लोकल फाल्ट होने की स्थिति में आपूर्ति ज्यादा प्रभावित होती है।